नगर निगम के तमाम विभागों के सुपरीडैंटों ने बनाया सिंडीगेट !
जालंधर (अनिल वर्मा) : नगर निगम में फैले भ्रष्टाचार और अफसरवाद पर नकेल कसने के लिए निकाय विभाग के चीफ विजीलैंस अफसर कुलविदंर सिंह और एमटीपी नरेश कुमार ने टीम सहित आज सुबह निगम के मुख्यालय में पहुंचे। यह टीम निगम दफ्तर में प्रवेश करते ही दो हिस्सों में बंट गई जिसमें एक टीम बिल्डिंग विभाग के एमटीपी इकबालप्रीत सिंह रंधावा व एमटीपी मेहरबार सिंह के दफ्तरों में रिकार्ड खंगाल रही थी।
वहीं दूसरी टीम ओएंडएम विभाग के SE जसपाल सिंह के दफ्तर दस्तावेजों की जांच कर रही थी। आरोप है कि शहर में सबसे अधिक शिकायतें स्ट्रीट लाईट व सीवरेज ट्रीटमैंट प्लांट की आ रही है जिसे मेनटेन नहीं किया जा रहा। निगम कार्यलय में स्ट्रीट लाईटों खराब होने की हजारों शिकायतें दर्ज हैं। मगर ठेकेदार लंबे समय के बाद भी शिकायतों का निपटारा नहीं करता मगर मेनटेनस के बिल क्लियर हो रहे हैं।
इसी तरह फोलड़ीवाल ट्रीटमैंट प्लांट में भी टीम जांच करने पहुंची। सुबह 10 बजे से 2 बजे तक हुई जांच के बाद सीवीओ टीम के हाथ सिवाए निराशा के कुछ नहीं लगा। इसके पीछे निगम के तमाम विभागों के सुपरीडैंटों द्वारा बनाया गया सिंडीगेट है। जिसके तहत विजीलैंस को हर बार बैरंग लौटा दिया जाता है।
चीफ विजीलैंस अफसर कुलविंदर सिंह ने कहा कि बीते दो सप्ताह पहले भी टीम ने बिल्डिंग विभाग, बीएंडआर तथा ओएंडएम विभाग से रिकार्ड पेश करने के लिए कहा था। मगर अभी तक किसी भी विभाग की ओर से कोई रिकार्ड पेश नहीं किया जा रहा। अब तीनों विभागों को 17 अप्रैल तक रिकार्ड पेश करने का आखिरी मौका दिया गया है अगर फिर भी रिकार्ड नहीं दिया गया तो मामले की रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी।
इन बिल्डिंगों की हुई जांच
- फुटबाल चौंक, ठेके वाली बिल्डिंग, लाल रत्न के सामने बड़ी बिल्डिंग , जेपी नगर रोड पर बनी 16 दुकानें।
- राज नगर चूना भट्ठी की अवैध कालोनी वडिंग जंज घर के नजदीक बनाई जा रही अवैध कालोनी, पसरीचा अस्पताल के नजदीक निर्माणाधीन बिल्डिंगों की जांच की गई।