जालंधर, ENS: देश भर में लंबित कानूनी मामलों को कम करने और त्वरित न्याय प्रदान करने की दिशा में आज पूरे भारत में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। हर राज्य में विधिक सेवा प्राधिकरणों द्वारा आयोजित इस एक दिवसीय कानूनी पहल का उद्देश्य लाखों ट्रैफिक चालानों सहित कई मामलों का सौहार्दपूर्ण समझौते और समाधान के माध्यम से निपटारा करना है।
राष्ट्रीय लोक अदालत आज यानी शनिवार सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेंगी। जिसमें जिन लोगों ने यातायात नियमों का उल्लंघन जैसे मामूली अपराध किए हैं, जैसे कि तेज गति से गाड़ी चलाना, बिना हेलमेट के गाड़ी चलाना, सीटबेल्ट न पहनना, या प्रदूषण नियंत्रण (पीयूसी) प्रमाणपत्र जैसे वैध दस्तावेज़ों का अभाव, वे अपने मामलों के निपटारे के लिए अपनी स्थानीय अदालतों में जा सकते हैं।
कई मामलों में लोग अपराध की गंभीरता और प्रकृति के आधार पर, जुर्माने में उल्लेखनीय कमी या पूरी छूट भी प्राप्त कर सकते हैं। मामले की जानकारी देते हुए अधिकारी ने बताया कि हाईकोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार आज लोक अदालत का गठन किया गया। जिसमें 23 बेंच जालंधर, 2 बेंच नकोदर, 2 बेंच सब डिविजन फिल्लौर में लगाए गए। इस दौरान 70 हजार केस पाए गए, जिसमें 50 हजार केसों का निपटारा आज किया जा सकता है। इसमें सबसे अधिक मेट्रिमोनियल के केस शामिल है।