जालंधर, ENS: जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर गोरायां ओवरब्रिज के पास देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसा इतना भीषण था कि स्प्लेंडर बाइक ट्रक के नीचे करीब 10 फीट तक अंदर घुस गई। बाइक को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में हाइड्रा की मदद से ट्रक और बाइक को हटाया गया।ट्रक के पीछे बाइक टकराने से 3 युवकों की मौत हो गई। तीनों युवक खून से लथपथ रोड पर गिरे थे। सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) के अधिकारी के अनुसार कंट्रोल रूम 112 से रात हादसे की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो स्प्लेंडर बाइक पार्सल ट्रक के नीचे फंसी थी और तीन युवक सड़क पर पड़े हुए थे।
108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसा देर रात करीब 3:30 बजे हुआ। तीनों युवक एक स्प्लेंडर बाइक पर जालंधर से लुधियाना की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक आगे चल रहे डाक पार्सल ट्रक के पीछे जा टकराई। शुरुआती जांच में हादसे की वजह साफ नहीं हो पाई है। हाईवे पर अचानक ब्रेक लगने की आशंका समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। एक्सीडेंट का कारण ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने और पीछे से बाइक की ब्रेक न लगने से हुआ बताया जा रहा है। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर भी नहीं मिला। ट्रक ड्राइवर की भी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार युवकों की बाइक का नंबर PB-10KB-1280 है, जो लुधियाना आरटीओ का है।
प्राथमिक जांच में तीनों के लुधियाना में रहकर किसी फैक्ट्री में काम करते हैं और मूल रूप में यूपी के रहने वाले हैं। शुरुआती जांच में दो युवकों की पहचान लुधियाना के राधास्वामी रोड निवासी साहिल पुत्र जयकरण, जितेंद्र कुमार पुत्र हरि नंदन के रूप में हुई। वहीं तीसरे की पहचान अभी नहीं हो पाई। पुलिस को उनके पास से तीन मोबाइल फोन मिले हैं। इन्हें जांच अधिकारी एएसआई बावा सिंह को सौंप दिया गया है और मोबाइल के जरिए परिजनों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक हादसे में शामिल पार्सल ट्रक महाराष्ट्र नंबर का है। दोनों वाहन जालंधर से लुधियाना की दिशा में जा रहे थे। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके पर नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच जारी है।