जालंधर, ENS: नशे के खिलाफ लगातार की जा रही कार्रवाई को लेकर तस्करों को गिरफ्तार किया जा रहा है। वहीं एक्साइज विभाग ने पुलिस टीम के साथ मिलकर देर रात नाकेबंदी करके गाड़ी से भारी मात्रा में शराब की पेटियां बरामद की है। दरअसल, डिप्टी कमिश्नर (एक्स) सुरिंदर कुमार गर्ग के निर्देशानुसार, असिस्टेंट कमिश्नर (आबकारी) नवजीत सिंह के दिशा निर्देशों पर एक्साइज विभाग के इंस्पेक्टर मंजीत सिंह ने पुलिस के साथ मिलकर बस्ती शेख रोड से रविदास चौक (चिट्टा स्कूल के पास) पर नाका लगाया हुआ था।

इस दौरान एक होंडा अमेज कार संख्या PB 08EZ 7860 को चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया गया। चैकिंग के दौरान गाड़ी से पंजाब किंग व्हिस्की की 27 पेटियां (324 बोतलें) बरामद की गईं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना 5 में 2 व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं एक व्यक्ति को मौके पर काबू कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान दीपक मेहता पुत्र किशोर चंद निवासी ईश्वर नगर, घासमंडी और गगनवीर सिंह पुत्र अवतार सिंह, निवासी गुरु नगर, बस्ती मिट्ठू के रूप में हुई है।
