जालंधर: शहर के जीटी रोड स्थित Hotel Mariton में पारिवारिक समारोह के दौरान होटल के सह-मालिकों के बीच विवाद का थमने का नाम नहीं ले रहा। दरअसल, इस घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
शिकायतकर्ता यशपाल दुआ निवासी अर्बन एस्टेट ने थाना रामामंडी में दी शिकायत में बताया कि 12 फरवरी 2026 को वह अपने परिवार के साथ होटल मैरिटन में अपनी पोती का जन्मदिन समारोह मना रहे थे। इसी दौरान होटल के सह-मालिक परमजीत सिंह मारवाहा अपने बेटे सिमरनजीत सिंह और कुछ अज्ञात व्यक्तियों के साथ वहां पहुंचे।
दुआ के अनुसार उक्त व्यक्तियों ने उनके साथ बहस शुरू कर दी, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके और उनके परिवार की महिला सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार किया गया तथा उन्हें और उनके भाई को मारपीट कर घायल कर दिया गया। घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए जोहल अस्पताल ले जाया गया। दुआ ने परमजीत सिंह मारवाहा और उनके समर्थकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं दूसरी ओर यह भी जानकारी सामने आई है कि झगड़े के दौरान परमजीत सिंह मारवाहा की पगड़ी गिर गई। उनका दावा है कि यशपाल दुआ और उनके परिवार के सदस्यों ने उनके और उनके बेटे के साथ मारपीट की। थाना रामामंडी की पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
