जालंधर, ENS: देहात में सरे बाजार गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला। दरअसल, शाहकोट के गुरुद्वारा रोड पर कुछ हथियारबंद युवकों ने युवक पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस घटना में युवक के हाथ की कलाई कटी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायल युवक की पहचान शरणदीप सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी गांव भोईपुर, शाहकोट के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि रात करीब 8.15 बजे पीड़ित मोटरसाइकिल पर सवार होकर मलसियां जिम से लौट रहा था। इस दौरान वह शाहकोट में वह किसी काम से रुक गया। जहां गुरुद्वारा सिंह सभा के पास 5 से 6 युवकों ने उसे घेर लिया और भीड़ भरे बाजार में उस पर हथियारों से हमला कर दिया। हमले में उसकी बाई कलाई कट गई। वह गुरुद्वारा साहिब की ओर भागा और अंदर घुस गया। इससे उसकी जान बच गई। शरणदीप ने बताया कि जिन युवकों ने मुझ पर हमला किया, वह 2 दिन पहले एक प्रवासी मजदूर के साथ मारपीट कर रहे थे। मैंने उस मजदूर को उनसे बचाया था।
इस की रंजिश रखते हुए उक्त युवकों ने उस पर हमला कर दिया। मेरी कलाई का 70 प्रतिशत हिस्सा कट गया है। हमला करने वालों में से एक युवक पहले मेरा दोस्त भी था। वहीं, शरणदीप को सिविल अस्पताल शाहकोट ले जाया गया, जहां इमरजेंसी में कोई डॉक्टर न होने पर उसे प्राथमिक उपचार देकर जालंधर रेफर कर दिया गया। युवक के गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसके परिजन उसे अमृतसर के एक निजी अस्पताल ले गए। घटना की सूचना मिलते ही एएसआई सरवन सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि घायल युवक के बयानों के आधार पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जाएगी।