जालंधर, ENS: पंजाब में हुई भारी बारिश से 1400 गांव पानी में डूब गए। वहीं शहरी लोगों का भी काफी नुकसान हुआ है। पंजाब में बाढ़ से ग्रस्त हुए लोगों को मुआवजा देने के लिए सरकार ने 71 करोड़ रुपए की राशि जारी की है। जिसमें से जालंधर के इलाका निवासियों को राहत देने के लिए 5 करोड़ रुपए जारी किए गए है।
इसी के चलते आज डिप्टी कमिशनर हिमांशु अग्रवाल और कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत बस्ती गुजां इलाके में पहुंचे। जहां बाढ़ से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए घर के मालिक को 1.20 लाख रुपए, बर्तन और राशन दिया। वहीं जिन घरों में दरारें आई है, उन लोगों को 6500 रुपए, बर्तन और राशन दिया गया।
दरअसल, बस्ती गुजां के आर्या स्कूल के पास स्थित मीनू वालिया का घर बाढ़ आने से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। ऐसे में महिला को घर बनाने के लिए डिप्टी कमिश्नर और कैबिनेट मंत्री द्वारा 1.20 लाख का चैक, बर्तन और राशन दिया गया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए डिप्टी कमिशनर ने बताया कि घर को तैयार करने में अगर और पैसे लगे तो सरकार और एनजीओ द्वारा वह भी मदद की जाएगी।