जालंधर, ENS: बाबा बुट्टा जी एनक्लेव में डॉग को लेकर विवाद होने की घटना सामने आई है। जिसमें रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह ने एक परिवार द्वारा हमला करने की शिकायत थाना रामामंडी पुलिस को दी है। वहीं इस मामले को लेकर थाना रामामंडी में रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह वासी बाबा बुट्टा जी एनक्लेव की शिकायत पर मोहल्ले में रहते अंबी, उसकी पत्नी, बहन और अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पूर्व सब इंस्पेक्टर का आरोप है कि डॉग के विवाद को लेकर हरजिंदर पर अटैक किया गया था। हमलावरों को दौड़ाने के लिए उन्होंने अपनी लाइसेंसी बंदूक से छत से हवा में गोली चलाई। इसके बाद आरोपी भाग गए। रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह ने दिए बयान में कहा कि 23 मार्च की रात वे अपनी गली में सैर कर रहे थे। इस दौरान एक डॉग उन्हें काटने आया, मगर उन्होंने लकड़ी से उसे डराने के लिए इशारा किया। इस दौरान डॉग की मालिक की बेटी आ गई। उसने कहा कि आप हमारे डॉग को मार रहे हैं। इस दौरान विवाद हो गया।
आखिर वे अपने घर चले गए। करीब 20 मिनट बाद अंबी हाथ में तलवार लेकर अपने साथियों संग आ धमका, आते ही गुंडागर्दी शुरू कर दी। वे छत पर गए और अपनी लाइसेंसी बंदूक से हवा में गोली चला दी। इसके बाद उनके घर पर हमला करने आए हमलावर इधर-उधर हो गए। मोहल्ले के लोगों ने ऐसा करने से रोका भी था, लेकिन हमलावर बाज नहीं आए। अंबी ने अपने साथियों समेत उन पर अटैक कर जख्मी कर दिया। थाना रामामंडी में जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।