जालंधर, ENS: जमशेर खास में लग रहे बायो-गैस/बायो-फ्यूल प्लांट के विरोध में किसान यूनियन सिद्धू ने पहले 1 जनवरी को अमृतसर-दिल्ली हाईवे जाम करने की कॉल दी थी। लेकिन पुलिस ने किसानों को रास्ते में रोक लिया। इस दौरान पुलिस ने किासनों की गाड़ियां रोक ली। जिसके बाद किसान कैंट काउंटी के सामने सोफी पिंड के बाहर प्रदर्शन करने के लिए बैठ गए थे। किसानों के प्रदर्शन के दौरान उनकी पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई थी। एसपी-2 हरविंदर सिंह गिल ने किसानों द्वारा लगाए आरोपों को बेबुनियाद बताया।
वहीं मामला गरमाने के बाद नगर निगम की ज्वाइंट कमिश्नर मंदीप कौर मौके पर पहुंची। जहां ज्वाइंट कमिशनर ने किसानों के साथ मुलाकात करके धरना समाप्त करवाया गया। ज्वाइंट कमिशनर ने कहा कि 5 तारीख को डीसी दफ्तर में मीटिंग रखी गई है। इस मीटिंग ने डिप्टी कमिशनर हिमांशु अग्रवाल, पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर मौजूद रहेंगे। ज्वाइंट कमिश्नर ने कहा कि बायो-गैस/बायो-फ्यूल प्लांट को यहां से शिफ्ट किया जाएंगा। ऐसे में इस प्लांट को किस जगह शिफ्ट किया जाएगा, इस पर 5 तारीख को रखी गई मीटिंग में विचार विमर्श किया जाएगा।
वहीं प्लांट लगाने की जरूरत है या नहीं इस पर भी विचार किया जाएगा। मनदीप कौर ने कहा कि किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की रिहाई की जो मांग की जा रही है, उन्हें रिलीज कर दिया गया है। चारे वाली ट्राली को लेकर आज शाम या कल सुबह तक हल हो जाएगा। जिसके बाद चारे की ट्राली कल से चालू हो जाएंगी। इस दौरान उन्होंने कहा कि 5 तारीख को प्लांट को लेकर हल निकाल लिया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वह भी शांतिमय ढंग से मीटिंग में विचार विमर्श किया जाए। ज्वाइंट कमिशनर के आश्वासन के बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
