जालंधर, ENS: इंटरनेशनल बॉडी बिल्डर वरिंदर घुम्मन की फोर्टिस एस्कॉर्ट अस्पताल में 9 अक्टूबर 2025 को अमृतसर में सर्जरी के दौरान की मौत हो गई थी। इस मामले में अमृतसर पुलिस ने 4 डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं मामले की जानकारी देते हुए घुम्मन के भाई रब्बी ने बताया कि एक दिन पहले ही मामले को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। परिवार को उम्मीद थी कि जल्द मामले को लेकर सच सामने आएगा और सच सामने आया भी है। रब्बी ने कहा कि जांच के दौरान एफआईआर में अन्य धाराएं भी जल्द पुलिस द्वारा जोड़ी जाएगी और जल्द दोषी सलाखों के पीछे होंगे।
इस मामले में आने वाले समय में अस्पताल के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। एफआईआर में फोर्टिस एस्कॉर्ट अस्पताल के आर्थोपैडिक सर्जन डाक्टर तपिश शुक्ला, कंसलटेंट एनाथिसिया डाक्टर अलका तिवाड़ी, एनथिसिया डिपार्टमेंट की हेड डाक्टर राजेन्द्र कौर तथा कार्डियोलॉजी विभाग के कंसल्टेंट डाक्टर अरूण कुमार चोपड़ा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। परिवार को उम्मीद है कि पुलिस मामले में आने वाले समय में ओटी स्टाफ सहित अन्य कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगी। परिवार का कहना है कि उनके पास भाई की मौत के दौरान कई सबूत है, जो सामने लाए जाएगे और उस मामले में भी कार्रवाई होगी।
रब्बी के अनुसार, अक्सर बॉडी बिल्डर को अक्सर हार्ट अटैक सहित अन्य टैग लगा दिए जाते है, लेकिन उनका भाई तो लोगों को अवेयर कर रहा था और लोगों का रोल मॉडल था। अगर भाई की मौत होनी थी तो एक दम कैसे हो गई। वह क्विंटल से अधिक वेट उठाता था। परिवार ने कहा कि भाई की मौत को लेकर इंसाफ पाने के लिए भले ही समय लगा है, लेकिन सच लोगों के सामने आया है। इस मामलें में अभी अन्य खुलासे आने वाले समय में होंगे। परिवार को उम्मीद है कि अस्पताल के खिलाफ सख्त से सख्त एक्शन लिया जाएगा। बता दें कि एफआईआर में स्पष्ट लिखा गया कि वरिंदर घुम्मन की मौत अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान डाक्टरों की लापरवाही से हुई है। इस मामले में अमृतसर पुलिस द्वारा फोर्टिस एस्कॉर्ट अस्पताल के 4 बड़े डाक्टरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) के अधीन लापरवाही के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
