जालंधरः फोल्ड्रीवाल सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में कूड़े का डंप को लेकर आज पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट अपना फैसला सुना सकती है। इस मामले में बुधवार को भी सुनवाई थी लेकिन वहां निगम अधिकारियों के पेश न होने के कारण फैसला नहीं हो पाया था। पिछली सुनवाई के दौरान नगर निगम ने यह अपील की थी कि हाई कोर्ट यह मामला नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल को ट्रांसफर कर दे क्योंकि इस तरह के अन्य मामले भी नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में सुनवाई के अधीन है।
बुधवार को हाई कोर्ट में इसी बात पर चर्चा होनी थी लेकिन निगम अफसर की गैरमौजूदगी के कारण आज फिर सुनवाई होगी। निगम की अपील पर हाई कोर्ट के फैसला लेने से पहले ही याचिकाकर्ता के वकील ने कोर्ट में अपना पक्ष रखते हुए बताया कि नगर निगम इस डंप साइट पर अन्य जगह का कूड़ा फेंकने की भी तैयारी कर रहा है। लोग इस डंप को बंद करने की मांग कर रहे हैं लेकिन अगर यहां पर शहर के अन्य इलाकों का कूड़ा भी आएगा तो दिक्कत और बढ़ जाएगी।
बता दें की नगर निगम ने वेस्ट मैनेजमेंट के लिए फोल्ड्रीवाल सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में डंप बनाया है और यहां पर मशीनरी लगाने की तैयारी है। लेकिन इलाके की कई कालोनियां अपार्टमेंट के लोग एकजुट होकर इसका विरोध किया।