जालंधरः जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे पर दौड़ती कार से बच्चे सनरूफ के बाहर निकल गए। कार की स्पीड लगभग 70 किलोमीटर प्रति घंटा थी। बच्चे 15 किलोमीटर के लगभग कार के सनरूप से बाहर रहे। इसका किसी राहगीर ने वीडियो बना लिया। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार को नंबर से ट्रेस कर लिया। हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने कार को पकड़ा और चालक को डांट लगाई। इसके बाद 5 हजार रुपए का चालान काटा गया।
बच्चों की कार के सनरूफ से बाहर आकर सफर करने की ये घटना कमिश्नरेट पुलिस के इलाके कैंट के पास की है। एक राहगीर ने हाईवे पर दौड़ती कार के सनरूप से बाहर खड़े बच्चों का ये वीडियो बनाकर पुलिस को भेजा था। वीडियो मिलने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार के नंबर के जरिए चालक की जानकारी जुटाई। ट्रैफिक पुलिस इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि जैसे ही उनके पास वीडियो आया तो उन्होंने कार को ट्रेस कर तुरंत रुकवा लिया। इसके बाद चालक को समझाया गया। हाईवे पर दौड़ती कार के सनरूफ से बाहर छोटे-छोटे बच्चे खड़े थे। किसी की उम्र 8 तो किसी की 10 साल है। झटका लगने पर ये बाहर गिर सकते थे। किसी की जान जाने से ये खतरनाक साबित हो सकता था।