जालंधर, ENS: मकसूदां फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। वहीं गाड़ी के एयरबैग भी खुल गए। घटना के दौरान गाड़ी में सवार 2 बुजुर्ग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। मिली जानकारी के अनुसार कार सवार वर्कशॉप चौक से मकसूदां की ओर जा रही चंडीगढ़ नंबर की ऑल्टो कार है। इस दौरान फ्लाईओवर के पास हादसा हो गया। वहीं घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
चश्मदीदों के मुताबिक, कार काफी तेज रफ्तार में थी और जैसे ही वह मकसूदां फ्लाईओवर के पास डिवाइडर से जा टकराई। कार से मिले दस्तावेजों के आधार पर एक व्यक्ति की पहचान ऋषिकेश कुमार शर्मा के रूप में हुई है। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस सड़क पर डिवाइडर और पोल की बनावट में तकनीकी खामी है। फ्लाईओवर के के पास बना कट ड्राइवरों को भ्रमित करता है।
रिफ्लेक्टर न होने के कारण रात के समय गाड़ी चलाने वालों को डिवाइडर का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। वहीं, पीसीआर टीम के अधिकारी ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि एक कार दुर्घटनाग्रस्त हुई है। पुलिस टीम ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वे अस्पताल जाकर घायलों के बयान दर्ज करेंगे ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन को इस ब्लैक स्पॉट को तुरंत ठीक करना चाहिए।
