जालंधर,ENS : कस्बा आदमपुर के खुर्दपुर रेलवे स्टेशन के पास पंजाब पुलिस के दो एएसआई की संदिग्ध परिस्थितियों में लाशें मिलने हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान एएसआई प्रीतम दास और जीवन लाल निवासी होशियारपुर के तौर पर हुई। दोनों की तैनाती कपूरथला पुलिस में थी। दोनों चोरी के एक आरोपी के पीछे भागे थे, जिसके बाद से दोनों लापता हो गए। देर रात दोनों के शव रेलवे स्टेशन के पास से बरामद किए गए। शवों को थाना जालंधर जीआरपी की पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

स्टेशन मास्टर नरेश राजू ने जानकारी देते हुए बताया कि गत रात वह रोजाना की तरह अपनी ड्यूटी पर थे। वह अपने कमरे से बाहर निकले ही थे कि खुर्दपुर स्टेशन पर निर्माण किए जा रहे एक भवन के पास कुछ सामान पड़ा दिखाई दिया। जब पास जाकर देखा तो वहां दो शव थे। जिसके बाद मामले की जानकारी आदमपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना आदमपुर और जीआरपी पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची। पुलिस ने देर रात ही फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया।
जानकारी के अनुसार पंजाब पुलिस के एएसआई प्रीतम सिंह और जीवन लाल चोरी के दो आरोपियों को पेशी के लिए सोमवार को दोपहर जालंधर लेकर आए थे। दोनों को दोपहर के वक्त कोर्ट में पेश कर दिया था। जिसके बाद एक आरोपी को जालंधर देहात पुलिस के थाना आदमपुर में छोड़ना था। वहीं दूसरे नाबालिग आरोपी को लेकर दोनों एएसआई होशियारपुर के जूविनाइल होम छोड़ने के लिए रवाना हो गए थे। जिसके बाद से दोनों का कुछ पता नही था कहां है। जब शाम के वक्त दोनों एएसआई नाबालिग को लेकर होशियारपुर की ओर निकले थे।
सूत्रों के अनुसार जब टीम आदमपुर से उक्त नाबालिग को लेकर होशियारपुर के लिए चली तो रास्ते में उन्होंने कहीं पर अपना बाइक रोका था। जहां उक्त नाबालिग पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हालांकि अधिकारी मामले को लेकर कुछ भी कहने से गुरेज कर रहे हैं। फिलहाल मामले में हत्या के एंगल पर जांच हो रही है।
