जालंधर: इंडस्ट्री एरिया के अधीन आते गदईपुर में स्थित टायरों की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। मिली जानकारी के अनुसार आशा रबड़ की फैक्ट्री में यह आग लगी है। आग की लपटें दूर-दूर से दिखाई दे रही है। इस घटना को लेकर फैक्ट्री में मौजूद कर्मियों में हड़कंप मच गया।
कर्मियों ने तुरंत घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम द्वारा आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं। 1 घंटे से अधिक का समय हो चुका है, आग इतनी भीषण लगी हुई है कि अभी तक आग पर काबू नहीं पाया गया।
मौके पर पहुंचे दमकल विभाग के अधिकारी रविंद्र सिंह ने बताया कि सुबह करीब 5:15 बजे मुख्य मुख्यालय पर एक कॉल आई थी, जिसमें आग लगने की घटना के बारे में जानकारी दी गई थी, जिसके बाद से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर हैं।