जालंधर: महानगर के अधीन पड़ते भार्गव कैंप थाने के अंदर दो पक्षों में आपस में मारपीट करने का मामला सामने आया है। जहां, बताया जा रहा है कि यह झगड़ा पुलिस मुलाजिमों की मौजूदगी में हुआ, जिससे थाने के अंदर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार किसी मामले को लेकर दोनों पक्ष थाने पहुंचे हुए थे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर टूट पड़े और जमकर मुक्केबाजी होने लगी।
पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया
थाने में मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने तुरंत बीच-बचाव करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को काबू में किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करवाया।
घटना का वीडियो भी आया सामने
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे को लगातार मुक्के मारते नजर आ रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग उन्हें रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस का आया बयान
थाना भार्गव कैंप के जांच अधिकारी लखबीर सिंह ने बताया की युवक पर दरवाजा तोड़ने के आरोप लगाने की शिकायत दी, जिसके बाद दोनों पक्ष थाने के अंदर पहुंचे थे और किसी बात को लेकर दोनों में हाथापाई हो गई तो मौके पर मौजूद पुलिस ने दोनों पक्षों को पीछे किया। उन्होंने कहा कि उनकी टीम मामले की जांच में जुटी हुई है और वह बनती कार्रवाई करेंगे।