जालंधरः 5 लाख रुपए की ठगी मारने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। व्यक्ति ने लुधियाना के सीएमसी मेडिकल कॉलेज कम अस्पताल में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर उक्त ठगी की है। आरोपी की पहचान लाडोवाली रोड निवासी गुरमिंदर सिंह के रूप में हुई है। शिकायत में मॉडल टाउन निवासी रणधीर ने बताया कि ‘उनके बेटे को लुधियाना के सीएमसी मेडिकल कॉलेज कम अस्पताल में एडमिशन दिलाने के लिए गुरमिंदर सिंह ने पांच लाख की डिमांड की थी। उक्त डील लाडोवाली रोड स्थित आरोपी के घर पर ही हुई थी।
उन्होंने तीन हिस्सों में पैसे दिए थे, लेकिन बावजूद आरोपी ने एडमिशन नहीं दिलाया। जब मामले की पुलिस में शिकायत दी तो उन्होंने गुरमिंदर को पूछताछ के लिए बुलाया। इस पर वह पैसे देने के लिए राजी हो गया। पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने उन्हें तीन चेक दिए थे और इसके पास न होने पर कानूनी कार्रवाई करने के लिए कहा था। लेकिन पीड़ित ने बताया कि उक्त चेक पास नहीं हुए। उन्होंने इसकी शिकायत वापस पुलिस को दी। पुलिस ने फिर से आरोपी पक्ष को जांच में शामिल होने के लिए फोन के जरिए व लिखित पत्र भेजे, लेकिन उक्त आरोपी की तरफ से जांच में शामिल न होने पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
