जालंधरः पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस टीम ने 26 मार्च की रात हुए जानलेवा हमले की गुत्थी सुलझाते हुए 4 मुख्य दोषियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान साहिल उर्फ संधू निवासी न्यू राज नगर, जेरी घोंसला निवासी राज नगर, मोहित कुमार उर्फ चुटकी निवासी गोपाल नगर और रोहित उर्फ मेमना निवासी गांधी कैंप के रूप में हुई है। इन सभी पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
घटना 26 मार्च 2026 की रात करीब 9:00 बजे की है। शिकायतकर्ता नीरज उर्फ काली, जो कि आर्य नगर का निवासी है, अपने दोस्तों दीपक और अक्षय के साथ किसी काम के सिलसिले में जा रहा था। जब वे नहर पटरी के पास टाइलों वाले गोदाम के पास पहुंचे, तो वहां पहले से घात लगाकर बैठे इन चारों आरोपियों ने उन पर अचानक हमला कर दिया।
आरोपियों ने तेजधार हथियारों से नीरज और उसके दोस्तों पर वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के दौरान इलाके में डर का माहौल पैदा करने के लिए आरोपी साहिल उर्फ संधू ने अपनी पिस्टल से हवाई फायर भी किया। शोर मचने और लोगों के इकट्ठा होने के डर से आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस बोली-तकनीकी सबूतों के आधार पर किया अरेस्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार (इंचार्ज CIA स्टाफ) और सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार (मुख्य अफसर थाना डिवीजन नंबर 1) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस ने तकनीकी सबूतों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर 30 मार्च 2026 को छापेमारी की और चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस प्रशासन ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों को अदालत में पेश कर उनका रिमांड हासिल किया जा रहा है। रिमांड के दौरान पुलिस इन आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और मोटरसाइकिल बरामद करेगी। साथ ही इस हमले के पीछे की मुख्य रंजिश और इनके अन्य संपर्कों के बारे में भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।