जालंधर, ENS: नगर निगम के कर्मचारी दीपक कुमार उर्फ दीपू के कत्ल के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, कुछ दिन पहले पैसे के लेन-देन को लेकर बूटा मंडी में दीपू की कुछ व्यक्तियों द्वारा हत्या कर दी गई थी। आरोपियों की पहचान अवतार सुमन उर्फ तारी पुत्र हरबंस लाल, जॉनी पुत्र हरबंस लाल, विजय कुमार निवासी न्यू जल्लोवाल आबादी, जालंधर और रजत नाहर उर्फ नोना पुत्र रशपाल सिंह निवासी लांबड़ा के रूप में हुई है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि अजय कुमार पुत्र विक्रमजीत सिंह निवासी भार्गव कैंप के व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसका बड़ा भाई दीपक कुमार उर्फ दीपू नगर निगम में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत था। अजय ने बताया कि उसका भाई अवतार सिंह उर्फ तारी का दोस्त है और करीब दो महीने पहले अवतार ने उससे 1.50 लाख रुपये लिए थे।
शिकायतकर्ता ने बताया कि 20 अगस्त की शाम करीब 7 बजे उसका भाई और उसका दोस्त अनिल कुमार उर्फ गग्गू उक्त पैसे लेने के लिए बूटा मंडी जालंधर गए थे। शिकायतकर्ता ने कहा कि जहां अवतार सिंह तारी ने 9-10 लोगों के साथ मिलकर उनके साथ झगड़ा करके घायल कर दिया। उन्होंने कहा कि घायल अवस्था में भाई दीपक को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
वहीं इस घटना में अनिल कुमार गग्गू को भी चोटें आईं और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने भार्गव कैंप थाने में आरोपियों के खिलाफ मृतक के भाई के बयानों पर एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में चार हमलावरों को गिरफ्तार किया गया है। वहूम आरोपी जॉनी और रजत नाहर नोना के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 2 चाकू (दातर) बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।