जालंधर, ENS: दोमोरिया पुल के पास देर रात ट्रक पलटने की घटना सामने आई। जहां ट्रक पलटने से स्टेशनरी की 3 दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं ट्रक के कारण एक बिजली का खंभा भी टूट गया। जिस कारण इलाके की बिजली भी बंद हो गई। इस घटना को लेकर लोगों द्वारा जमकर हंगामा किया गया। वहीं हादसे में ट्रक क्लीनर को चोट लगी है। स्थानीय लोगों द्वारा ट्रक क्लीनर को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया।
वहीं, ट्रक चालक की पहचान कुलदीप के रूप में हुई है। लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। ट्रक ड्राइवर ने बताया कि वह बिस्कुट लेकर अड्डा होशियारपुर से रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था। इस दौरान अचानक सामने एक्टिवा चालक आ गया। ऐसे में वह उसे बचा रहा था और यह हादसा हो गया।
लोग ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे ताकि वह हुए नुकसान की भरपाई करे। हादसे के बाद रोड से कारों और अन्य वाहनों का गुजरना मुश्किल हो गया जिस कारण देर रात तक जाम लगा रहा। काफी देर बाद घटना स्थल पर थाना 3 की पुलिस पहुंची। जहां पुलिस ने लोगों को शांत करवाया और ट्रक चालक को थाने ले गई।
