जालंधर, ENS: पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच जालंधर ने धनोवाली गेट पर हाल ही में हुई कार छीनने की घटना में शामिल 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त संदीप शर्मा ने बताया कि सुखविंदर भट्टी के बयान के आधार पर थाना रामा मंडी में धारा 304(2) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।
शिकायतकर्ता फिरोजपुर का एक टैक्सी चालक था। उसने बताया था कि 2 व्यक्तियों ने उसे जीरा से जालंधर चलने के लिए बुक किया था। जालंधर में धनोवाली गेट पहुंचने पर उनमें से एक ने उन्हें हथियार से धमकाया और उनकी अर्टिगा कार और मोबाइल छीन लिया।
इसी दौरान जालंधर अपराध शाखा द्वारा आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच और खुफिया सूत्रों का उपयोग करते हुए पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की, जिसके परिणामस्वरूप आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। आरोपियों की पहचान अमृतपाल सिंह उर्फ सोनू पुत्र जसवीर सिंह और अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत पुत्र गुरवील सिंह दोनों निवासी तरनतारन के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने लूटी गई अर्टिगा कार, मोबाइल फोन और डकैती के दौरान इस्तेमाल की गई खिलौना पिस्तौल को बरामद कर लिया है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त जालंधर ने कहा कि ऐसी कार्रवाइयों से पुलिस न केवल आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त कर रही है, बल्कि नागरिकों में विश्वास और सुरक्षा की भावना भी पैदा कर रही है।