जालंधरः देहात पुलिस ने अवैध हथियार और नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध पिस्टल और 250 ग्राम अफीम बरामद की है। मामले की जानकारी देते डीएसपी नकोदर सुखपाल सिंह ने बताया कि थाना सिटी की पुलिस ने कार्रवाई करते गुरप्रीत सिंह निवासी मेहतपुर को .32 बोर की अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया।
वहीं, थाना सदर नकोदर की पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान रोहित नामक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल और 250 ग्राम अफीम बरामद की। डीएसपी ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ NDPS और Arms Act के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ के लिए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि इनके नेटवर्क और अन्य संबंधों की जांच की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में अवैध हथियार और नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले दिनों में और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।