जालंधर, ENS: पंजाब में चाइना डोर पर पूर्ण प्रतिबंध है। लेकिन उसके बावजूद चाइना डोर के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करने में कामयाब नहीं हो रही। यही कारण है कि हर साल बसंत पंचमी के सीजन के पास चाइना डोर की बिक्री शुरु हो जाती है। हालांकि इस मामले में छोटे कारोबारियों के खिलाफ पुलिस द्वारा कार्रवाई की जाती है, लेकिन बड़े कारोबारी की बिक्री लगातार जारी रहती है।
वहीं आज भी थाना नूरमहल की पुलिस द्वारा चाइना डोर बेचने वाले 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से 20 गट्टू चाइना डोर बरामद किए गए। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिनांक 2 जनवरी 2026 को एएसआई जसपाल सहित पुलिस पार्टी गश्त व चेकिंग के दौरान मौजूद थे। इस दौरान चाइना डोर संबंधी मुखबिर खास ने सूचना दी।
जिसके बाद चीमा कलां चौक नूरमहल पर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी की और कार नंबर PB-07-CK-5264, मारका स्विफ्ट को रोककर वाहन में सवार वरुण पुत्र विनोद कुमार निवासी बसी वजीद, थाना हरियाणा, जिला होशियारपुर तथा नरेश कुमार पुत्र मोहन लाल निवासी बसी वजीद, थाना हरियाणा, जिला होशियारपुर के कब्जे से चाइना डोर बरामद की गई। आरोपियों को काबू कर उनकी गाड़ी में रखे प्लास्टिक बोरे से 20 गट्टू चाइना डोर बरामद किए गए। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा नंबर 1 दिनांक 2 जनवरी 2026 धारा 223 BNS, थाना नूरमहल में दर्ज कर प्रारंभिक जांच अमल में लाई गई।