अपराः चौकी इंचार्ज साहिब मीत को सस्पेंड करने की मांग को लेकर 15 गांवों के सरपंचों ने अपरा चौकी के बाहर धरना दिया। सरपंच विनय कुमार ने बताया कि वह गांव के मामलों को लेकर चौकी इंचार्ज से मिलने गए थे। उन्हें कहा कि इलाके में नशा बिकता है और लूट की वारदातें होती हैं। लेकिन चौकी इंचार्ज उनके साथ बदमीजी पर उतर आए और बाद में धक्के मार कर दफ्तर से बाहर कर दिया। जब आसपास के गांवों के सरपंचों व पंचों को पता लगा तो 15 गांव के लोग चौकी के बाहर पहुंच गए और धरना लगा दिया।
फिल्लौर के एसएचओ संजीव कपूर ने मौके पर पहुंच कर मामला शांत करवाना चाहा। लेकिन गांववासी चौकी इंचार्ज साहिब मीत व अन्य एक मुलाजिम को सस्पेंड करने की बात पर अड़ गए। इस दौरान चौकी इंचार्ज साहिब मीत सिंह ने सभी के सामने माफी मांगी, लेकिन गांववासी नहीं माने। मौके पर पहुंचे बसपा लीडर तीर्थ राजपुरा, अमृतपाल भौसले, सरपंच खुशी राम, तिलक अपरा, बलविंदर सिंह और गोल्डी अपरा ने कहा कि आज सरपंच के साथ ऐसा व्यवहार किया है, लोगों के साथ कैसा व्यवहार किया जाता होगा।
वहीं चौकी इंचार्ज साहिब मीत सिंह ने कहा कि आरोप बेबुनियाद है। दो पक्षों का आपसी विवाद था। एक पक्ष का मसला हल हो गया और एक का बाकी था। दूसरे मसले के लिए गांव के सरपंच विनय जब चौकी में पहुंचे तो उन्हें बाहर बैठने के लिए कहा। किसी के साथ धक्के शाही नहीं की। एसएचओ संजीव कपूर ने आश्वासन दिया कि जिन पुलिस कर्मचारी ने अनुशासनहीनता की है उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
