जालंधर, ENS: थाना 3 के अंतगर्त आते एमबीडी बुक्स की बिल्डिंग के साथ बने बर्फ के कारखाने में गैस लीक होने के मामले में 4 लोगों में से 3 लोगों का रेस्क्यू करके बाहर निकाला गया। जबकि चौथे व्यक्ति की मौत हो गई है। 2 घंटे की कड़ी मशक्क्त के बाद व्यक्ति के शव को बाहर निकाला गया है। मिली जानकारी के अनुसार फैक्ट्री से अमोनिया गैस लीक होने से लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। वहीं पुलिस ने इलाके को सील कर लिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस लीक होने से उन्हें आंखों में जलन हो रही है और एक किलोमीटर से अधिक दूरी पर स्थित लोगों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। बता दें गैस लीक होने से पूरा इलाका सील कर दिया गया है।
जानकारी मिली है कि फैक्ट्री में बहुत ज्यादा गैस लीक हो रही है। इस गैस का आंखों व नाक पर बहुत ज्यादा असर हो रहा है। फैक्ट्री के अंदर भी अभी काफी लोग फंसे हुए हैं। नार्थ के एसीपी डॉक्टर शीतल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें घटना की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि वह घटना स्थल पर पहुंच रहे है और मामले की जांच कर रहे है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर एम्बुलेंस पहुंच गई है।
फायर ब्रिगेड के अधिकारी फैक्ट्री में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं मामले की जानकारी देते हुए महिला ने बताया कि मैं दवा लेने आई थी। मगर एक दम से मेरा दम घुटने लगा। महिला वहां पर बेसुध हो गई थी। जिसके बाद महिला को किसी तरह उक्त जगह से दुकानदार और अन्य लोगों की मदद से वहां से निकाला गया। उक्त एरिया से दूर ले जाकर जब महिला को पानी बुलाया गया तो वह सुध में आई और उसने खुलकर सांस ली।