जालंधर,ens : कपूरथला रोड पर सड़क हादसे में एक एक्टिवा सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान तरुण कुमार निवासी किला मोहल्ला के तौर पर हुई है। मिली जानकारी के अनुसार तरूण किसी काम से अपनी एक्टिवा से कपूरथला रोड की तरफ जा रहा था, इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तरुण गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली चालक घटनास्थल से भाग निकला। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना नंबर दो की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक के भाई मनीष ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उसका भाई किसी काम से कपूरथला रोड पर जा रहा था तभी ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जिसके बाद आसपास के लोग उसे अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। अज्ञात ट्रैक्टर ट्रॉली चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।