जालंधर, ENS: नकोदर की पुरेवाल कॉलोनी में बेटे के हमले में घायल हुए बुजुर्ग पिता की ईलाज दौरान मौत हो गई है। बेटे द्वारा तेजधार हथियार से हमले में घायल हरजीत सिंह को नकोदर से लुधियाना के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया था। जहां पर उनकी इलाज के दौरान ही मौत हो गई। जिसके बाद नकोदर पुलिस ने हरजीत के बेटे सतिंदर सिंह उर्फ छिंदा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पिता को तेजधार हथियारों से बुरी तरह से काटने वाला कलयुगी बेटा सतिंदर उर्फ छिंदा हमले के बाद से ही फरार चल रहा है।
पुलिस ने सतिंदर के खिलाफ हत्या का मामला उसकी माता सुखवलिंदर कौर के बयान पर दर्ज किया है। मोहल्ला निवासियों ने बताया कि बुजुर्ग हरजीत सिंह अपनी पत्नी के साथ रहता था। बुजुर्ग दंपती के तीन बच्चे दो बेटे और एक बेटी है। तीनों ही विदेश में रहते हैं। एक बेटा 2-3 महीने पहले विदेश से आया था। बुजुर्ग की पत्नी अपने रिश्तेदारों के पास गई थी। हमले के वक्त घर में पिता-पुत्र अकेले थे। बुजुर्ग पिछले कुछ समय से बहुत बीमार था।
इस बीच दोनों बाप-बेटे में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसमें बेटे ने तेजधार हथियार से अपने पिता पर हमला बोल दिया। बुजुर्ग हरजीत सिंह की पत्नी ने कहा कि वह अपने पति को अकेला नहीं छोड़ती थी। हमला करने वाले युवक सतिंदर की माता ने कहा कि उसकी पत्नी और बच्चे भी उससे दुखी थे। वह भी विदेश में उसे छोड़ कर जा चुके हैं। पहले उसकी पत्नी उसे विदेश में छोड़ कर चली गई। फिर बच्चों ने भी उसकी हरकतों के कारण उसका साथ छोड़ दिया। बुजुर्ग माता ने कहा कि अब वह विदेश से आकर अपने बीमार पिता की सेवा कर रहा था। सोचा था कि अब सुधर जाएगा, लेकिन उसने अपने बाप को ही हमला कर मार दिया।