जालंधर, अनिल वर्मा/वरुण अग्रवालः दकोहा में निगम की कार्रवाई का मामला सामने आया है। बिल्डिंग ब्रांच की टीम ने कांग्रेसी नेता के करीबी पर कार्रवाई करते हुए अवैध कॉलोनी और मार्केट का निर्माण रुकवा दिया। बिल्डिंग ब्रांच ने रामामंडी के 2 कलोनाइजरों को नोटिस भी जारी किया है। कॉलोनी काटने वालों को निगम की मंजूरी और नक्शा दिखाने को कहा गया है।
नोटिस में कहा गया है कि यदि दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए तो कानून कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और अवैध कॉलोनी के साथ-साथ बनाई गई मार्केट पर बुलडोजर भी चल सकता है। दकोहा की जिस कॉलोनी को आज निगम की बिल्डिंग ब्रांच ने नोटिस जारी किया है यह निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से ही कटी है।
मिलीभगत इसलिए है क्योंकि कॉलोनी में घर, मार्किट बनाई गई दुकानें आगे बिक कर किराए पर भी चढ़ गई, लेकिन अवैध इमारतों पर नजर रखने वाले किसी बिल्डिंग इंस्पेक्टर ने इस तरफ ध्यान ही नहीं दिया। इससे आशंका गहराती है कि यह सारा काम बिना मिलीभगत के नहीं हुआ है। जिन लोगों ने यह कॉलोनी काटी है वह प्रॉपर्टी डीलर हैं और निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों का साथ उनका रोज का वास्ता है। अन्यथा कैसे संभव है कि इतनी बड़ी उसारी हो गई और किसी को कानों कान भनक तक नहीं लगी।
