जालंधर/वरुणः गोराया में आज रेलवे फाटक पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दरअसल, उपचुनाव के लिए सभी पार्टियों के नेता अपनी ताकत दिखाने के लिए रैलियां और नुक्कड़ सभाएं करने पर जोर दे रहे हैं। वहीं आज गोराया के मेन चौक रुड़का कलां की ओर कांग्रेस नेताओं का काफिला जा रहा था। इसी दौरान रेलवे फाटक पर ट्रेन का समय होने के कारण गेटमैन फाटक बंद कर रहा था। फाटक बंद करने के दौरान वहां पर कांग्रेस का काफिला वहां पर फस गया। जिससे फाटक पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। रेलवे ट्रैक पर कांग्रेस वर्करों की गाड़ियां फंसने के कारण गेटमैन की सूझबूझ से हादसा टल गया।
दरअसल, सिग्नल के पीछे ट्रेन आती देख कांग्रेस नेताओं के सुरक्षा गार्डों और गेटमैन ने बड़ी मशक्कत के साथ रेलवे ट्रैक खाली कराया और गेट बंद कर दिया। सिग्नल के पहले ही ट्रेन धीमी हो गई और गेट बंद होते ही ट्रेन गुजर गई। इस संबंध में गेटमैन राकेश कुमार ने बताया कि शाम करीब 4:24 बजे कोलकाता से अमृतसर जाने वाली दुर्गियाना एक्सप्रेस ट्रेन का समय हो गया था। जब वह गेट बंद हो रहा था तो भारी ट्रैफिक के कारण कुछ गाड़ियां रेलवे ट्रैक के बीच फंस गई थीं। इस मौके पर उनके साथ नेताओं के सुरक्षा गार्डों ने तत्परता दिखाते हुए बड़ी मुश्किल से रेलवे ट्रैक को खाली करवाया। उधर, लुधियाना से आ रही दुर्गियाना एक्सप्रेस सिग्नल के पीछे धीमी हो गई और उक्त ट्रेन समय से रेलवे फाटक पार कर गई।
बता दें कि इससे पहले बीते दिन गुरु नानक पुरा रेलवे फाटक बी 67 ए पर दोपहर 2ः30 बजे गेटमैन की सूझबूझ होने के कारण हादसा होने से टल गया था। दरअसल, कैंट से 11057 अप दादर एक्सप्रेस गाड़ी छत्रपति शिवाजी जी टर्मिनल से अमृतसर जाने के लिए शहर की ओर आ रही थी। इस दौरान गेटमैन रेलवे फाटक बंद कर रहा था, लेकिन ट्रैफिक अधिक होने के कारण फाटक बंद नहीं हो सका। क्योंकि ट्रैफिक ज्यादा होने के चलते लोग हटने का नाम ही नहीं ले रहे थे। फाटक पर तैनात गेटमैन ने ट्रेन को फाटक तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया और एक बड़ा रेल हादसा होने से बच गया था।