जालंधर,ENS: नगर निगम के हैड ड्राफ्ट्समैन कम एटीपी सुखदेव वशिष्ठ ने शहर में डिच मशीन चलाकर ताबड़तोड़ अवैध निर्माण गिराए। वहीं आज सरकार ने पत्र जारी कर उन्हें Deputation पर भेज दिया है। उन्हें Deputation पर अल्पसंख्यक आयोग में चेयरमैन इकबाल सिंह लालपुरा के साथ लगाया गया है। सुखदेव वशिष्ठ को अल्पसंख्यक आयोग में भेजे जाने वाले देश में लिखा है कि उन्हें एक साल लिए Deputation पर भेजा जा रहा है। बता दें कि सुखदेव वशिष्ठ को जब नगर निगम के नए आए कमिश्नर अभिजीत कपलिश ने हैड ड्राफ्ट्समैन के साथ-साथ एटीपी का भी चार्ज दिया था तो उन्होंने शहर में कई रसूखदारों की अवैध इमारतों के साथ-साथ अवैध कालोनियों पर मशीनें चला दी थीं।

कई बार उन्हें कॉलोनाइजरों, नेताओं और रसूखदारों से धमकियां भी मिली लेकिन वह पीछे नहीं हटे। उन्होंने मौजूदा और पूर्व विधायकों मंत्रियों के खासमखास भी नहीं बख्शे थे। जब हैड ड्राफ्ट्समैन कम एटीपी सुखदेव वशिष्ठ शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाए हुए थे तो उन्हें धमकियों के अलावा सरकारी तंत्र से भी डराने की कोशिश की गई थी। लेकिन वह डरे नहीं और अपने काम में लगे रहे। उनके खिलाफ विजिलैंस में झुूठी शिकायतें भी की गईं। विजिलैंस ने उनकी जांच भी की लेकिन जांच में कुछ भी नहीं निकला।