जालंधर, ENS: महानगर के सेंट्रल हलके से आप विधायक देर रात एक डिपो होल्डर द्वारा बांटे जा रहे राशन के दौरान मौके पर पहुंचे। जहां वह उक्त डिपो होल्डर पर भड़क गए और कहने लगे कि हम लोग भिखारी नहीं है और ना ही आपसे भीख मांगने के लिए आए है। इस दौरान आप विधायक ने उक्त डिपो होल्डर को कहा कि आपकी चार बार शिकायत आ चुकी है। दरअसल, देर रात एक डिपो होल्डर द्वारा लोगों को राशन बांटा जा रहा था। इस दौरान मौके पर आप विधायक रमन अरोड़ा पहुंच गए। जहां देर रात लोगों को राशन बांटे जाने पर डिपो होल्डर के खिलाफ आप विधायक को गुस्सा आ गया।
उन्होंने कहाकि देर रात इतनी ठंड में यह लोग घर में खाना बनाकर बच्चों को खिलाएं या फिर यहां पर ठंड में भूखे प्यासे राशन लेने के लिए लाइनों में खड़े रहे। उन्होंने कहा कि अगर राशन बांटना है तो दिन में बांटा जाए। उन्होंने कहा कि रात 9 बजे राशन बांटना सही नहीं है। अरोड़ा ने कहा कि राशन लेना लोगों का हक है। उन्होंने कहा कि लोगों ने ही सरकार बनाई है, इसलिए ये राशन सरकारी है तो समय के अनुसार लोगों तक राशन मुहैया करवाया जाए।
डिपो होल्डर द्वारा सर्वर स्लो का बहाना बनाया गया तो अरोड़ा ने कहा कि पूरे शहर में राशन समय पर मिलता है, लेकिन अकेले इनका सर्वर क्यों स्लो है। डिपो होल्डर ने कहा कि उसने किसी व्यक्ति को रात के समय राशन देने के लिए नहीं बुलाया। विधायक के सामने ही लोगों ने भी डिपो होल्डर की क्लास लगाई।