सीएसआर के तहत किया निर्माण कार्य
बददी/ सचिन बैंसल : लोदीमाजरा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित इंडोरामा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने अपने सी.एस.आर कार्यक्रम के तहत लोदीमाजरा पंचायत के अंतर्गत आने वाले बनवीरपुर गांव में पांच लाख सत्तर हजार की लागत से श्मशान घाट का निर्माण किया। श्मशान घाट के निर्माण का अनुरोध लोधीमाजरा ग्राम पंचायत द्वारा किया गया था। लोदीमाजरा के ग्राम प्रधान ने इंडोरामा के प्रबंधन का हार्दिक आभार व्यक्त किया और बताया कि कंपनी लोदीमाजरा और अन्य स्थानीय पंचायत में बहुत सी विकासात्मक गतिविधियां कर रही है। ग्राम पंचायत प्रधान ने बताया कि लोधीमाजरा पंचायत में विभिन्न विकास परियोजनाओं पर इंडोरामा का प्रबंधन सकारात्मक प्रतिक्रिया दिखाता है।
कंपनी के प्रबंधन ने बताया कि हम सामाजिक रूप से जिम्मेदार कंपनी के रूप में काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारा मानना है कि समाज के लाभ के लिए हमारी सभी कार्रवाई हमारे दीर्घकालिक निवेश हैं। वर्तमान में हम बीबीएन क्षेत्र में कुछ और सीएसआर परियोजनाएं भी चला रहे हैं I हमारे पास पर्यावरण, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे के विकास और शिक्षा के क्षेत्र में कई और दीर्घकालिक योजनाएं हैं जिन्हें हम समय के साथ लागू करेंगे।
