नई दिल्ली : रुस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य में स्थित एक स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में शनिवार को एक सनसनीखेज हमला हुआ है। विदेशी छात्रों के लिए बने हुए इस हॉस्टल में 15 साल के किशोर ने अचानक चाकू से हमला कर दिया है। इसमें चार भारतीय छात्रों सहित कम से कम छह लोग घायल हो गए हैं। इस हमले में दो पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावर किशोर ने हमला करते समय होलोकॉस्ट से जुड़े राष्ट्रवादी और घृणास्पद नारे लगाए। रुसी मीडिया चैनल के अनुसार, आरोपी एक हिंसक नव नाजी संगठन से जुड़ा हुआ था जो चरमपंथी विचारधारा को बढ़ावा देता है। इस संगठन को रुस के सुप्रीम कोर्ट ने साल 2021 में आतंकी संगठन घोषित किया था।
इस संगठन से जुड़ा था आरोपी
रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया है कि आरोपी नेशनल सोशलिज्म/व्हाइट पावर क्रू नाम के संगठन से जुड़ा हुआ था। इसको स्पैरोस क्रू के नाम से भी जाना जाता है। यह संगठन पहले बी पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं पर हमलों से जुड़ा हुआ है। चर्चित रुसी पत्रकार अन्ना पोलितकोव्सकाया पर हुए हमले से भी इस ग्रूप का नाम जोड़ा गया था।
View this post on Instagram
घटना का जो वीडियो सामने आया है इसमें हॉस्टल की दीवार पर बना स्वास्तिक चिन्ह भी दिखाया गया है। इसके बारे में दावा किया जा रहा है कि वह एक पीड़ित के खून से बनाया गया था। इस दृश्य ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी और विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
रुस के गृह मंत्रालय के मुताबिक, आरोपी ने हॉस्टल में कई छात्रों पर चाकू से हमला भी किया। जब पुलिस ने उसको गिरफ्तार करने की कोशिश की तो उसने विरोध भी किया। इस दौरान दो पुलिस अधिकारियों को भी चाकू मार दिया। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार, आरोपी ने खुद को भी गंभीर चोटें पहुंचाई है।
अस्पताल में करवाया गया भर्ती
रुसी संघीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि घायलों में से एक की हालत गंभीर है वहीं तीन अन्य की स्थिति स्थिर है। हमलावर किशोर को भी गंभीर हालात में स्थानीय बच्चों के अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
यह घटना ऊफा शहर में हुई जो कि मॉस्को से लगभग 1200 किलोमीटर पूर्व में स्थित है और बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की राजधानी है। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच भी शुरु कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हमले के पीछे की कट्टरपंथी सोच और विदेशी छात्रों की सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जाएगी।
