जालंधर/ENS : सूफी गायिका ज्योति नूरां के घर उस समय खुशियों का माहौल देखने को मिला, जब उनके पिता गुलशन मीर सभी तरह की नाराजगियों को दूर करते हुए उनके घर मिलने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी व बेटा भी मौजूद थे। दरअसल ज्योति नूरां व उनके पिता गुलशन मीर के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था तथा कुछ नाराजगियों की वजह से पिता गुलशन मीर व ज्योति नूरां के बीच दूंरियां चल रही थी, जिन पर आज विराम लग गया है। पिता गुलशन मीर अपनी बेटी ज्योति नूरां से मिलने उनके घर पहुंचे। इस दौरान पिता गुलशन मीर ने ज्योति नूरां की गलतियों को माफ करते हुए उसे गला लगा लिया।

इस दौरान पूरे परिवार ने सोशल मीडिया पर लाइव होकर अपने मतभेद खत्म होने की बात कही है। गुलशन मीर ने कहा कि बच्चे तो पंछियों की तरह होते हैं। गलतियां हो जाती हैं। शाम को पंछी अपने घोंसले में लौट आए हैं। गुलशन मीर ने कहा कि हमारे विरोधियों ने हमारे परिवार को तोड़ने की पूरी कोशिश की और कुछ हद तक कामयाब भी हो गए, लेकिन आज उन्होंने अपनी बेटी नूरां को दिल से माफ कर दिया है तथा हमारे बीच चल रहा विवाद खत्म हो गया है।
