चंडीगढ़ः सिटी ब्यूटीफुल सिटी के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में अवैध शराब की बिक्री का मामला सामने आने से सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। दरअसल, गणतंत्र दिवस में अब कुछ ही दिन बचे हैं और ऐसे समय में शहर की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावों के बीच इस तरह का गैरकानूनी कारोबार कानून व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर रहा है।
शहर में बढ़ती चौकसी और पुलिस गश्त के बावजूद अवैध शराब का कारोबार चलना इस बात का संकेत है कि या तो प्रशासन की नजरें इस ओर नहीं हैं या फिर मिलीभगत की आशंका को खारिज नहीं किया जा सकता।हालांकि गणतंत्र दिवस को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन इंडस्ट्रियल एरिया जैसे व्यस्त क्षेत्रों में इस तरह की गतिविधियां सामने आना चिंता का विषय है। अवैध शराब बिकने की की सूचना मिलने ही मीडिया कर्मियों ने घटना की जानकारी चंडीगढ़ पुलिस को दी।
जिसके बाद मौके पर पहले पीसीआर की टीम पहुंची उसके तुरन्त बाद सेक्टर 31 थाने की पुलिस पहुंच गई। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को काबू करके कई बोतले कब्जे में ली। अवैध शराब बेचने वाले युवक ने कैमरे पर कहा कि मैं केवल दिहाड़ी पर काम कर रहा हूं, यह काम नरेंद्र और बबलू का है, मैं 500 रुपए की दिहाड़ी पर कार्य कर रहा हूं। हैरानी की बात यह है कि इस अवैध कारोबार से बारे में पुलिस को सूचना क्यों नहीं मिली, जिसको लेकर प्रशासन की कार्रगुजारी पर कई सवाल खड़े होने शुरू हो गए है।
