लुधियाना: शहर के मायापुरी इलाके में एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान स्माइल के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी देते मृतक की पत्नी सजदा ने बताया कि उनके बीच पिछले कुछ समय से लगातार झगड़े हो रहे थे। सजदा के अनुसार, डेढ़ साल पहले दोनों ने भागकर प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के करीब एक साल बाद सजदा को पता चला कि स्माइल पहले से शादीशुदा था और उसके बच्चे भी थे। शादी से पहले उसने पत्नी को नहीं बताया था कि वह शादीशुदा है। जब 4-5 महीने पहले पत्नी को इस बात का पता चला, तब से उनके बीच अक्सर विवाद होने लगा। उन्होंने बताया कि स्माइल काम पर भी ठीक से नहीं जाता था जिसे लेकर वह उसे टोकती थी।
घटना वाले दिन शाम करीब 6 बजे पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हुई। झगड़े के दौरान इस्माइल ने गुस्से में काफी शराब पी। सजदा ने बताया कि गुस्से में उसने कहा, जब से तुम मेरी जिंदगी में आई हो, सब खराब हो गया है। जब झगड़ा बढ़ा तो सजदा घर से बाहर निकल गई। इस पर स्माइल ने उसे धमकी दी कि अगर वह वापस नहीं आई तो वह फांसी लगा लेगा। सजदा को लगा कि यह रोज की तरह की एक सामान्य धमकी है, लेकिन जब वह लौटी तो इस्माइल आत्महत्या कर चुका था।
सजदा के मुताबिक, इस्माइल अक्सर कहता था कि वह या तो उसे मार देगा या खुद जान दे देगा। हालांकि छोटे-मोटे झगड़े हर रोज होते थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह विवाद मौत पर जाकर खत्म होगा। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आस-पड़ोस के लोगों और परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ कर रही है।