लोगों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच, रक्तजांच व दवाईयों का किया वितरण
ऊना/सुशील पंडित: राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के सानिध्य में श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर कोटला कलां में आयोजित विराट धार्मिक सम्मेलन एवं श्रीमद भागवत कथा के पावन अवसर पर जन-सेवा की अनूठी मिसाल देखने को मिल रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा संचालित ‘सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा’ के तहत मंदिर परिसर में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिससे हजारों श्रद्धालु लाभान्वित हो रहे हैं।
इस स्वास्थ्य शिविर का औपचारिक शुभारंभ राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज ने किया। उन्होंने सांसद अनुराग ठाकुर के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि धर्म और सेवा का संगम ही मानवता की सच्ची सेवा है।
डॉ. मनु प्रिया के नेतृत्व में टीम दे रही सेवाएं यह स्वास्थ्य शिविर पिछले तीन दिनों से निरंतर कार्यरत है। डॉ. मनु प्रिया के नेतृत्व में टीम आश्रम के सेवादारों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच कर रही है। शिविर के तीसरे दिन स्वास्थ्य टीम ने रिकॉर्ड 208 लोगों की निशुल्क जांच की, जिनमें 58 पुरुष और 150 महिलाएं शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त लोगों की रक्त जांच भी मौके पर की गई । जांच के दौरान टीम ने विभिन्न रोगों से ग्रसित मरीजों की पहचान की और उन्हें मौके पर ही निशुल्क दवाइयां वितरित कीं।
समर्पित टीम का योगदान सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के दिशा-निर्देशों पर आयोजित इस कैंप में फार्मासिस्ट कुसुम लता, लैब टेक्नीशियन दिनेश कुमारी और पायलट राहुल पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। आयोजकों ने बताया कि यह सेवा सम्मेलन के दौरान निरंतर जारी रहेगी ताकि कथा श्रवण के लिए आए किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी समस्या का सामना न करना पड़े ।
