जालंधरः शहर के फिल्लौर में जिला परिषद- समिति चुनाव से पहले पुलिस ने बीती शनिवार की रात 10 बजे शराब से भरा ट्रक पकड़ा। पुलिस द्वारा आशंका जताई जा रही है कि ये शराब चुनाव में बांटने के लिए मंगवाई गई है। ट्रक से कुल 683 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।
एसएसपी जालंधर देहाती हरविंदर सिंह विर्क के निर्देशन पर साफ-सुथरे चुनाव करवाने के ऑपरेशन के तहत SP सरबजीत राय, DSP भरत मसीह पुलिस पार्टी के साथ लगातार मुस्तेद हैं इसी के चलते पुलिस ने अवैध शराब पकड़ी। पुलिस ने बताया कि गश्त के दौरान पुराने बस अड्डे के पास ट्रक नंबर RJ-14-GJ-3562 को रोककर जब उसकी जांच की गई, तो उसमें से शराब मिली। ड्राइवर इसका लाइसेंस, बिल और जरूरी कागजात नहीं दिखा पाया। ट्रक में 683 पेटी अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर मनोज छाजू राम राजपूत, निवासी जिला वडोदरा (गुजरात) को हिरासत में लेकर ट्रक को जब्त कर लिया है।
फिल्लौर पुलिस ने इस संबंध में एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया और पुलिस रिमांड हासिल करके उससे आगे की गहन पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह शराब कहां से लाई गई थी और इसे चुनाव के दौरान कहीं बांटा तो नहीं जाना था।