नोएडाः उत्तर प्रदेश के नोएडा में शुक्रवार अल सुबह सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन के नीचे स्थित विशाल मेगा मार्ट में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया और आसपास की इमारतों तक फैल गई। घटना को लेकर लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना लोगों द्वारा दमकल विभाग को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई और 15 गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। सीएफओ गौतमबुद्धनगर प्रदीप कुमार ने बताया आज थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन के पास विशाल मेगा मार्ट के प्रथम तल पर आग लगने की सूचना प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियों की मदद से आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया गया है। कोई जनहानि नहीं हुई है।
पुलिस अधिकारीगण द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया है। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शार्ट सर्किट होना प्रतीत हो रहा है। मौके पर स्थिति सामान्य है। जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले स्वीट्स शॉप में भड़की और तेजी से ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गई। इसकी चपेट में आकर पास स्थित जिम और एक बैंक्वेट हॉल पूरी तरह जल गए। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके। वहीं घटना स्थल पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही हैं और शॉर्ट सर्किट समेत सभी संभावित पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
