बालोतराः राजस्थान के जैसलमेर में बस में लगी आग के बाद अब बाड़मेर के बालोतरा में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। दरअसल,सिणधरी थाना क्षेत्र के सड़ा गांव के पास मेगा हाईवे पर ट्रेलर और स्कॉर्पियो की भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई। हादसे में कार सवार 5 दोस्तों में से 4 की मौके पर ही जलने से मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में मोहनसिंह (35) पुत्र धूड़सिंह, शम्भूसिंह (20) पुत्र दीपसिंह, पांचाराम (22) पुत्र लुंबराम और प्रकाश (28) पुत्र सांपाराम की जलकर मौत हो गई। स्कॉर्पियो चालक दिलीप सिंह गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा देर रात करीब 1.30 बजे हुआ।
टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क पर ही जलने लगे, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे बाद जले वाहनों को हटाकर जाम खुलवाया गया। पुलिस के अनुसार, गुड़ामालानी (बाड़मेर) के डाबड़ गांव के पांच युवक सिणधरी काम से गए थे। रात 12 बजे के बाद वे वापस अपने घर लौट रहे थे। लेकिन घर से करीब 30 किलोमीटर पहले उनकी स्कॉर्पियो सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई।