कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि सतपाल सिंह सत्ती ने विधिवत रूप से पार्टी का ध्वज फहराया और उपस्थित कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बन चुकी है और 2014 के बाद से जनता का विश्वास लगातार बढ़ा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में होने वाली चुनावी गतिविधियों के लिए पूरी तरह तैयार रहें। सत्ती ने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावों में जीत की कुंजी है और इसके लिए हर कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है।उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया और आगामी चुनावों में जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर काम करने का भरोसा जताया।