ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुई भारी वर्षा, भूस्खलन और प्राकृतिक आपदाओं से हुए भारी जानमाल के नुक़सान के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए हिमाचल कल्याण सभा (पंजी.) दिल्ली ने राहत कार्यों में योगदान देने का सराहनीय कदम उठाया है। सभा द्वारा एकत्रित की गई सहायता राशि का चैक हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के राहत कोष में प्रदान किया गया।

यह चैक रेजिडेंट कमिश्नर (हि.प्र.) अजय कुमार यादव को हिमाचल भवन, मंडी हाउस, नई दिल्ली में सौंपा गया। इस अवसर पर सभा के प्रधान राकेश शर्मा, डिप्टी रेजिडेंट कमिश्नर मयंक शर्मा सहित सभा के पदाधिकारी के.एम. लाल, सुरजीत चंदेल, बक्शी राम, शीशराम पाल, राजेंद्र ठाकुर और प्रेम चंद विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान रेजिडेंट कमिश्नर महोदय को हिमाचल कल्याण सभा (पंजी.) दिल्ली की गतिविधियों एवं सेवा कार्यों से अवगत कराया गया। यह संस्था सन् 1972 से दिल्ली में बसे हिमाचलियों के सामाजिक, सांस्कृतिक और कल्याणकारी कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान दे रही है और आज भी अग्रणी भूमिका निभा रही है।
सभा के प्रधान राकेश शर्मा ने बताया कि संस्था अपना वार्षिक उत्सव “हिमाचल मेला” एवं हिमाचली धाम (भंडारा) आगामी 23 नवम्बर 2025 को बड़ी धूमधाम के साथ आयोजित करने जा रही है। उन्होंने रेजिडेंट कमिश्नर एवं डिप्टी रेजिडेंट कमिश्नर (हि.प्र.) को इस भव्य समारोह में सादर आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों एवं सांसदों को भी सादर निमंत्रण दिया जाएगा।
हिमाचल कल्याण सभा द्वारा की गई यह पहल न केवल आपदा प्रभावित प्रदेशवासियों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाती है बल्कि दिल्ली में रह रहे हिमाचली समाज की अपने मूल प्रदेश के प्रति निष्ठा और सहयोग भावना का परिचायक भी है।
