पलामूः नेशनल हाईवे पर बुधवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा होने का मामला सामने आया है। हाइवा की टक्कर से सेक्रेड हार्ट स्कूल के 16 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान हमीदगंज के धनंजय कुमार के पुत्र अर्णव कुमार उर्फ आयुष के रूप में हुई है।
अर्णव अपने दोस्त के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटी से सुआ कौड़िया गांव में महाशिवरात्रि का मेला देखने गया था। वापसी के दौरान जोरकट में विपरीत दिशा से आ रहे हाइवा ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में अर्णव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त घायल हो गया। अर्णव 9वीं कक्षा का छात्र था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
उसकी मां सरकारी शिक्षक हैं और पिता समग्र शिक्षा में कार्यरत हैं। घटना के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सदर थाना पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज भेजा गया। शव के घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
