अलवरः दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बीती देर रात एक कार ट्रक से टकरा गई जिससे कार में सवार महिला की मौत हो गई। वहीं परिवार के 3 लोग घायल हो गए जिनमें 2 बच्चे हैं। पूरा परिवार दिल्ली से जयपुर जा रहा था। वहीं एनएचएआई की एम्बुलेंस ने सभी घायलों को पिनान आदर्श सीएचसी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सा टीम ने घायलों का उपचार किया।प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को जयपुर रेफर कर दिया।
जानकारी देते प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क पर बेतरतीब ट्रकों के खड़े रहने से आए दिन एक्सीडेंट होते हैं। रेस्ट एरिया जोन में ट्रकों की पार्किंग बनी हुई है। उसके बावजूद रोड के किनारे पर ट्रक खड़े कर दिए जाते हैं जिसकी वजह से हादसा हुआ है।
हादसा बीती रात करीब 11 बजे के आसपास पिनान रेस्ट एरिया के पास हुआ। अचानक हुए तेज धमाके से रेस्ट एरिया के कर्मचारी अफरा तफरी में बाहर आए और देखा तो कार की ट्रक से टक्कर हो गई थी, तुरंत घायलों को बाहर निकाला। घटना में कार सवार इंदिरापुरम दिल्ली निवासी मनोज कुमार का परिवार था। कार सवार मुस्कान पत्नी मनोज कुमार की मौत हो गई। वहीं आर्यन पुत्र मनोज कुमार, आर्ची पुत्री मनोज कुमार घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।