पंचकूलाः पंजाबी सिंगर व रैपर बादशाह अपने नए गाने ‘टटीरी’ को लेकर लगातार विवादों में चल रहे है। गायक के गाने को लेकर महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने नोटिस जारी किया था। जिसके बाद महिला आयोग की ओर से बादशाह की गिरफ्तारी को लेकर आदेश जारी किए गए थे। वहीं गायक पर 2 एफआईआर भी दर्ज हो चुकी हैं। बादशाह ने गिरफ्तारी को लेकर हाईकोर्ट का रुख किया है। जहां आज हाईकोर्ट में हुई सुनवाई में गायक को बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने मामले को लेकर फैसला सुनाते हुए बादशाह की गिरफ्तारी पर अस्थायी रोक लगा दी है।
बताया जा रहा हैकि हाई कोर्ट में याचिका पर सुनवाई के दौरान हरियाणा पुलिस ने अदालत को बताया कि बादशाह जांच में शामिल हो चुके हैं और फिलहाल उनकी गिरफ्तारी की कोई आवश्यकता नहीं है। इसके साथ ही पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके खिलाफ जारी लुकआउट नोटिस को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। दरअसल, बादशाह ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर अपने खिलाफ जारी लुकआउट नोटिस को रद्द करने और हरियाणा महिला आयोग द्वारा की जा रही कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग की थी।
गौरतलब है कि ‘टटीरी’ गीत के आपत्तिजनक बोल पर छिड़े विवाद में रैपर बादशाह की मुश्किलें बढ़ गई थीं। महिला आयोग ने बादशाह की गिरफ्तारी के लिए पानीपत व पंचकूला पुलिस को आदेश जारी किया था। वहीं, हरियाणा बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी बॉलीवुड गायक को नोटिस भेजकर तलब किया। बादशाह के साथ निर्देशकों को भी आयोग ने सात दिन में अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए थे। बादशाह का टटीरी गाना एक मार्च को रिलीज हुआ था।
