मुंबईः दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन के बाद टूट चुकी हेमा मालिनी ने पहली बार इस सदमे से उबरने पर बात की है। उनका कहना है कि ये एक ऐसा सदमा है, जिसे संभाल पाना नामुमकिन था। उन्होंने ये भी बताया कि हॉस्पिटल में ईशा, अहाना, सनी बॉबी सब साथ थे। सबको उम्मीद थी कि इस बार भी हर बार की तरह पूरी तरह ठीक होकर घर लौट आएंगे।
बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र का 24 नवंबर को निधन हो गया था। उम्र संबंधित बीमारियों से जूझने के बाद उन्होंने 89 की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। धर्मेंद्र को गुजरे हुए महीनेभर से ज्यादा का वक्त बीत चुका है। मगर दिग्गज अभिनेता को खोने का दर्द उनके परिवार और तमाम चाहनेवालों के दिल में आज भी हरा है।
हेमा मालिनी ने इंटरव्यू में धर्मेंद्र के आखिरी दिनों के बारे में बताया। हेमा ने कहा कि एक्टर के अंतिम दिनों में उन्हें उस तरह देखना मुश्किल था और किसी को भी इस स्थिति से नहीं गुजरना चाहिए। यह असहनीय सदमा था। वो वक्त हमारे लिए खराब रहा, क्योंकि जब उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, तो एक महीने तक हम संघर्ष कर रहे थे। अस्पताल में जो कुछ भी हो रहा था हम लगातार उससे जूझने की कोशिश कर रहे थे। पहले भी कई दफा ऐसा हुआ था जब वो ( धर्मेंद्र) अस्पताल गए थे और ठीक होकर लौटे थे। हमें लगा था कि इस बार भी आ जाएंगे।
