झुंझुनूः जिले के पदमपुरा गांव में प्यार का एक हैरान कर देने वाला उदाहरण सामने आया है जहां, पत्नी की मौत से आहत पति ने ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया। दोनों की 2 साल पहले शादी हुई थी। 2 दिन पहले बेटे का जन्मदिन मनाया था। सुबह पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था जिसके बाद पति जयपुर के लिए रवाना हो गया। तो वहीं पत्नी ने घर में जाकर फंदा लगा लिया। पत्नी की मौत की सूचना मिलते ही जयपुर जा रहे पति ने रास्ते में ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। इससे पहले उसने इंस्टाग्राम पर लिखा कि मैं तेरे बिना नहीं रह सकता, मैं भी आ रहा हूं।

जानकारी देते मृतक सचिन के पिता सुभाष दूधवाल ने बताया कि बेटे की शादी 2024 में खींवसर निवासी भारती से की थी। दोनों का एक साल का बेटा है। दो दिन पहले ही पोते का जन्मदिन मनाया था। शादी के बाद से ही बेटे-बहू के बीच अनबन चल रही थी। भारती की मां की तबीयत खराब थी और वह पति को लेकर पीहर जाना चाहती थी, लेकिन किसी वजह से दोनों नहीं जा पाए। बहू लगातार ही झगड़ा कर रही थी, इस पर उन्होंने भारती के पिता और भाई से बात की। भारती के भाई चमन प्रकाश और चाचा से आकर समझाने के लिए कहा। आज सुबह 8:00 बजे सचिन जयपुर के लिए रवाना हुआ और मैं भी घर से निकल गया। सुबह 10:00 बजे भारती का भाई और चाचा पदमपुरा पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद था। खिड़की से झांक कर देखा तो भारती फंदे पर लटकी हुई थी। दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
भारती के पिता ओमप्रकाश खारिया ने ससुराल वालों पर मारपीट का आरोप लगाया है। ओमप्रकाश ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे बेटी के ससुर ने फोन पर बताया कि कमरा अंदर से बंद है। दोनों घर से निकल गए हैं। मैंने अपने बेटे और भाई को भेजा। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी झुंझुनूं जिले की रेस में गोल्ड मेडलिस्ट रही है, होनहार थी। वो ऐसा नहीं कर सकती। मेरी बच्ची के साथ इन लोगों ने मारपीट की है। मेरी बच्ची जब भी पीहर से लौटती ये लोग उसे गहने-पैसे नहीं लाने का ताना देते थे। हम बच्ची के लिए इंसाफ चाहते हैं।
सुभाष ने कहा कि सचिन जयपुर में मजदूरी करता था। दो-तीन दिन पहले ही गांव आया था। पत्नी भारती के सुसाइड की खबर जब सचिन को मिली तो उसने इंस्टाग्राम पर लिखा- “मैं भी कोणी रह सकूं तेरे बिना, आ रहा हूं।” कुछ देर बाद सचिन ने नवलगढ़ के दुर्जनपुरा के पास ट्रेन के आगे आकर सुसाइड कर लिया। सचिन का बायां हाथ कटकर ट्रैक के एक तरफ गिर गया।