नई दिल्ली : भीषण ठंड और कोहरे का कहर जारी है। जिसका असर ट्रेनों और विमान सेवाओं पर दिखाई दे रहा है। कई ट्रेनें रद्द की गई हैं और कई लेट चल रही हैं। वहीं फ्लाइट्स पर भी मौसम का असर देखा जा रहा है। दिल्ली एयरपोर्ट को घने कोहरे और प्रतिकूल मौसम की वजह से उड़ान संबंधी महत्वपूर्ण व्यवधानों का सामना करना पड़ रहा है। 22 अंतर्राष्ट्रीय प्रस्थान, 20 अंतर्राष्ट्रीय आगमन, 31 घरेलू आगमन और 46 घरेलू प्रस्थान में देरी हुई है।’ दिल्ली में एक रेल यात्री ने बताया हमारी ट्रेन बहुत लेट है। मैंने भोपाल एक्सप्रेस को रात 8.30 बजे के लिए बुक किया था।
फिर इसे सुबह 3 बजे के लिए री-शेड्यूल किया। जब हम सुबह 3 बजे स्टेशन पहुंचे, तो हमें पता चला कि ट्रेन नहीं चल रही है। हम लगातार इंतजार कर रहे हैं। उत्तर भारत में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत के राज्यों में अगले 2 दिनों तक कोल्ड डे की हालत रह सकती है। यूपी, बिहार, पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में अगले 5 दिनों तक घना कोहरा पड़ सकता है।
