हरियाणाः अंबाला जिले के शहजादपुर क्षेत्र के बिचपड़ी गांव में हुए तिहरे हत्याकांड का दिल दहला देने वाला सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में आरोपी युवक बेहद आक्रामक और खून के प्यासे की तरह गली में घूमता दिखाई दे रहा है। उसने अपने ही परिवार के सदस्यों को निशाना बनाकर एक के बाद एक गोलियां चलाईं।
पुलिस के अनुसार यह खूनी वारदात शनिवार शाम करीब 4:30 बजे हुई। परिवार में मिट्टी खनन के ठेके में हिस्सेदारी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया और मौत का कारण बन गया।
सबसे पहले दादी को मारी गोली
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि आरोपी ने सबसे पहले अपनी 95 वर्षीय दादी को निशाना बनाया। उसने दादी पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना आरोपी के पिता के सामने हुई, जिससे परिवार में चीख-पुकार मच गई।
चाचा को बचने का मौका नहीं दिया
दादी की हत्या के बाद आरोपी हाथ में पिस्तौल लेकर अपने चाचा की ओर बढ़ा। उसने चाचा पर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन पहली बार में पिस्तौल ने काम नहीं किया या मिसफायर हो गई।
इस दौरान चाचा अपनी जान बचाने के लिए गली में दौड़ पड़े। आरोपी ने पिस्तौल को दोबारा ठीक किया और उनके पीछे भागा। कुछ दूरी पर पहुंचकर उसने चाचा को ढूंढ निकाला और उन पर लगातार गोलियां चला दीं।
गली से गुजर रही चाची को भी बनाया निशाना
चाचा को गोली मारने के बाद आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने गली से गुजर रही अपनी चाची को भी निशाना बनाया और उन पर गोली चला दी। फुटेज में देखा जा सकता है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हाथ में हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया।
गांव में दहशत का माहौल
एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या के बाद पूरे बिचपड़ी गांव में दहशत फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। गांव में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
मिट्टी खनन के ठेके को लेकर था पुराना विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि गांव में करीब दो किला जमीन से मिट्टी निकालने का ठेका चल रहा था। इस ठेके में हिस्सेदारी को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार को इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
