पंचकूलाः जिले की हिमशिखा कॉलोनी में लाइनमैन को करंट लगने का मामला सामने आया है। करंट लगने के बाद व्यक्ति 12 फीट से नीचे गिरकर घायल हो गया जिसे लोगों ने तुरंत अस्पताल दाखिल करवाया। डॉक्टरों ने व्यक्ति का इलाज शुरू कर दिया है।
जानकारी मुताबिक, पंचकूला की हिमशिखा कॉलोनी में रामलीला पार्क के समीप स्ट्रीट लाइट काम नहीं कर रही थी जिसकी शिकायत कॉलोनी वासियों ने बिजली विभाग को दी। आज सुबह करीब 9 बजे गढ़ी कोटाहा निवासी लाइनमैन विक्रम सिंह लाइट को ठीक करने के लिए मौके पर पहुंचा। जब वह स्ट्रीट लाइट सही कर रहा था तो इस दौरान करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया जिसके बाद वह झटके से करीब 12 फीट ऊंचाई से नीचे गिरकर बुरी तरह घायल हो गया। लोगों ने तुरंत उसे सिविल अस्पताल पंचकूला में दाखिल करवाया जहां, उसका इलाज चल रहा है।
https://x.com/Encounter_India/status/1938514978073346094
घायल विक्रम के सहकर्मियों ने बताया कि स्ट्रीट लाइट की बिजली सप्लाई पीछे से बंद कर दी जाती है, परंतु जिन पोल पर स्ट्रीट लाइट लगी है उन्हीं पोल पर हरियाणा बिजली वितरण निगम की तारें जाती हैं, जिनमें करंट होता है। उन्हीं तारों से करंट लगने की संभावना बनी रहती है। स्ट्रीट लाइट के 500 से अधिक पोलों के ऊपर से बिजली बोर्ड ने हाइटेंशन लाइन डाल दी गई है। उन्होंने आवाज भी उठाई, लेकिन अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हैं।
वहीं दूसरी और घायल बिजली कर्मचारी का हाल जानने के लिए कालका विधानसभा से विधायक शक्ति रानी शर्मा भी अस्पताल में पहुंची और हर तरह की सहायता का आश्वासन दिया।